हरदोई में दबंगों पर मकान तोड़ने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, कहा- कब्जा न रुकवाने पर पलायन या आत्महत्या को होंगे मजबूर

हरदोई। जनपद के कछौना थाना क्षेत्र से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने दबंगों पर मकान तोड़ने, भूमि पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित प्रमोद कुमार पुत्र बिहारी, निवासी मोहल्ला काशीनगर, पोस्ट कछौना पतसेनी ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को प्रार्थना पत्र देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, उनके पूर्वजों के समय से गांव की आबादी भूमि पर उनका मकान बना हुआ था। इसी भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासीय कॉलोनी में तीन कमरे भी निर्मित थे। मकान से पश्चिम दिशा में उनका एकमात्र निकास प्राचीन समय से चला आ रहा है। आरोप है कि विपक्षी रामलखन पुत्र रामौतार, निवासी ग्राम म्यौनी, जो कि सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक हैं, ने पूर्व सभासद टिंकू सिंह के साथ मिलकर 25 जनवरी 2026 को 10-15 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर पीड़ित का मकान गिरवा दिया।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने थाना कछौना में शिकायत की, लेकिन तत्कालीन थाना प्रभारी ने आरोपियों से कथित रूप से सांठगांठ कर कोई कार्रवाई नहीं की। अगले दिन गणतंत्र दिवस का हवाला देते हुए पूरे मकान को तोड़ दिया गया और मलबा ट्रॉली से उठवाया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सिविल न्यायालय में स्थायी निषेधाज्ञा का वाद भी दाखिल किया है, जिसमें कमीशन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, बावजूद इसके विपक्षी कब्जा किए हुए हैं।
पीड़ित का आरोप है कि शेष कमरों को भी तोड़ने की धमकी दी जा रही है, जिससे उनका निकास बंद हो सकता है। स्वयं को निर्धन बताते हुए पीड़ित ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार पलायन या आत्महत्या को मजबूर होगा। पीड़ित ने थाना कछौना पुलिस पर भरोसा न होने की बात कहते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज कराने और कब्जा रुकवाने की मांग की है।