होली पर फीका पड़ा खुशियों का रंग, हरदोई में एनएचएम कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन, जिलाध्यक्ष ने कहा- चिंता का विषय

हरदोई। शासन द्वारा 28 फरवरी तक फरवरी माह का वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद जनपद के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों को होली से पहले वेतन नहीं मिल सका। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है और त्योहार की खुशियां फीकी पड़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को ही वेतन बिल शासन को भेज दिए गए थे। शासन के आदेश के बाद कर्मचारियों और उनके परिवारों को उम्मीद थी कि वेतन समय पर मिल जाएगा, जिससे वे होली का पर्व हर्षोल्लास से मना सकेंगे। अवकाश होने के बावजूद शनिवार को बैंक और कोषागार खुले रहे तथा अन्य विभागों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एनएचएम संविदा कर्मियों और आउटसोर्स ठेका कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा। वेतन न मिलने से कर्मचारियों को त्योहार की तैयारियों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई कर्मचारियों ने बताया कि वेतन समय पर न आने से पारिवारिक बजट प्रभावित हुआ है।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. जावेद खान ने कहा कि शासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद वेतन भुगतान न होना चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी किया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।
कर्मचारियों को अब उम्मीद है कि विभाग जल्द समस्या का समाधान कर वेतन भुगतान सुनिश्चित करेगा।