दिनदहाड़े बस रोककर मारपीट व लूट का आरोप, हरदोई डिपो की अनुबंधित बस में दबंगों का उत्पात, ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद

हरदोई। जिले के सांडी थाना क्षेत्र में बोलेरो सवार दबंगों द्वारा हरदोई डिपो की एक अनुबंधित बस को रोककर चालक-परिचालक व यात्रियों से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। घटना सोमवार, 2 मार्च 2026 की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, संविदा चालक शैलेंद्र सिंह बस संख्या UP78 FT 9244 को चौसार से हरदोई ला रहे थे। लमकान के पास बोलेरो (UP30 BY 0194) ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे बस दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची। चालक का आरोप है कि आगे ग्राम हुसेपुर के पास बोलेरो सवार 6-7 लोगों ने बस के आगे वाहन लगाकर उसे जबरन रुकवा लिया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक आरोपियों ने बस में घुसकर चालक, परिचालक जनार्दन तिवारी और यात्रियों के साथ मारपीट की। परिचालक के बैग से करीब ₹4,800 छीनने का आरोप है। यात्री श्लोक त्रिपाठी से लगभग ₹6,000, रवि दीक्षित से ₹2,500 और संतोष कुमार से ₹2,200 नकदी ले जाने की बात कही गई है। घटना से बस में अफरा-तफरी मच गई।
चालक शैलेंद्र सिंह ने सांडी थाना पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर पर कुछ यात्रियों के हस्ताक्षर भी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने रोडवेज कर्मियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।