ग्राम पंचायत दोन्द्रो में गणतंत्र दिवस पर संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर का अपमान! पंचायत कार्यक्रम में जमीन पर रखा गया फोटो…

CITIUPDATE NEWS-कोरबा जिले की ग्राम पंचायत दोन्द्रो में गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान का मामला सामने आने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। आरोप है कि 26 जनवरी को आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंबेडकर का चित्र सम्मानजनक मंच या वेदी पर रखने के बजाय जमीन पर रखा गया, जिसे ग्रामीणों और अंबेडकर प्रेमियों ने गंभीर अपमान करार दिया है। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य, सरपंच, पंचायत सचिव, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। आयोजन स्थल को तिरंगे और रंग-बिरंगी झंडियों से सजाया गया था, लेकिन इसी बीच डॉ. अंबेडकर का चित्र जमीन पर रखा हुआ दिखाई दिया। इस दृश्य की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला आग की तरह फैल गया और लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।अंबेडकर समर्थकों का कहना है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि देश के संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। गणतंत्र दिवस, जो स्वयं संविधान को समर्पित दिन है, उस दिन उनके चित्र का इस तरह जमीन पर रखा जाना न सिर्फ असंवेदनशीलता बल्कि संविधान के सम्मान पर भी सवाल खड़े करता है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं कुछ सामाजिक संगठनों ने इसे जानबूझकर की गई लापरवाही बताते हुए सार्वजनिक माफी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।फिलहाल मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अंबेडकर प्रेमी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकरण में शीघ्र और स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखे जाने की बात कही जा रही है।