कौशल और व्यवसाय सूचना मेले में जुटीं 500 महिलाएं, चेयरमैन सुधीर गर्ग ने किया शुभारंभ

खेरागढ़। बुधवार को कौशल एवं व्यवसाय सूचना मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू द्वारा फीता काटकर और मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

तहसील के समीप दिशा प्रोजेक्ट कार्यालय के सामने आयोजित इस मेले का आयोजन सामाजिक सेवा संगठनों हुमाना पीपल टू पीपल इंडिया (HPPI) एवं YES फाउंडेशन द्वारा संचालित दिशा प्रोजेक्ट के अंतर्गत किया गया। मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आईं ग्रामीण एवं उद्यमी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 500 महिलाओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए HPPI दिशा प्रोजेक्ट के मैनेजर रविंदर यादव ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हुमाना पीपल टू पीपल इंडिया वर्ष 1998 से देश में सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहा है तथा वर्तमान में लगभग सभी राज्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि दिशा प्रोजेक्ट का उद्देश्य महिलाओं को जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इस अवसर पर चेयरमैन सुधीर गर्ग ने महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

इसके बाद राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के ब्लॉक मिशन मैनेजर राजकुमार ने महिलाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थानों से निःशुल्क प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्यूटी पार्लर, सिलाई, जूट बैग निर्माण जैसे प्रशिक्षणों की जानकारी दी और बताया कि इन प्रशिक्षणों के माध्यम से महिलाएं घर से ही काम कर आय अर्जित कर सकती हैं।

कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर शिवा ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी।

इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं दिशा प्रोजेक्ट से जुड़ी उद्यमी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने प्रोजेक्ट से जुड़कर अपना व्यवसाय शुरू किया। कार्यक्रम में छह महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया।

कार्यक्रम में सभी दिशा प्रोजेक्ट स्टाफ एवं DTL अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।