हरदोई में जुआ खेलने के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, पकड़े जाने के डर से शव को गन्ने के खेत में छिपाया था

हरदोई। जनपद के शाहाबाद थाना क्षेत्र में गुमशुदगी के एक मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए युवक की हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 23 अक्टूबर 2025 का है, जब ग्राम उधरनपुर निवासी राजपाल ने थाना शाहाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई गौतम उर्फ गबडू खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
दिनांक 2 नवंबर 2025 को ग्राम बेहटा कोला के बाहर गन्ने के खेत में गौतम उर्फ गबडू का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद वादी की तहरीर के आधार पर थाना शाहाबाद में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों से वार्ता कर न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जांच के दौरान थाना पाली पुलिस ने प्रकाश में आए आरोपी दीपक कटियार और अनुज पाल, निवासी ग्राम उधरनपुर थाना शाहाबाद, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 अक्टूबर को मृतक गौतम उर्फ गबडू गांव के ही दीपक कटियार, अनुज पाल और अनीश पाल के साथ बेहटा कोला गांव में जुआ खेलने जा रहा था। रास्ते में जुए के पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया, जिसमें गौतम गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
ट्रेनी आईपीएस एवं अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि चोट लगने के बाद गौतम ने 112 नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।