हरदोई में जिला न्यायालय के पास महिला का हाईवोल्टेज हंगामा, सड़क पर सिर रखकर चीखती-चिल्लाती रही, प्रेमी पर जमीन हड़पने का आरोप

हरदोई। जिला एवं सत्र न्यायालय के दीवानी गेट के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने सड़क पर बैठकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। महिला का आरोप था कि उसके प्रेमी ने उसे बहला-फुसलाकर उसकी जमीन हड़प ली है। महिला के अचानक हंगामा करने से न्यायालय आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला करीब आधे घंटे तक जोर-जोर से चीखती रही और अपने प्रेमी पर धोखा देने का आरोप लगाती रही। महिला कभी सड़क पर बैठ जाती तो कभी सड़क पर सिर और फुटपाथ पर पैर रखकर रोने लगती। इस दौरान यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाने का प्रयास किया और उसे विधिक तरीके से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
पुलिस ने महिला से थाने के बारे में पूछताछ की तो उसने लोनार थाना क्षेत्र का होना बताया। महिला पचकोरा गांव की निवासी बताई जा रही है। पुलिस ने उसे जिलाधिकारी से शिकायत करने की बात कही, लेकिन वह काफी देर तक मानने को तैयार नहीं हुई और सड़क पर चीखती-चिल्लाती रही।
काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला शांत हुई। इसके बाद महिला कांस्टेबल की सहायता से उसे ऑटो में बैठाकर वहां से भेजा गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो में महिला खुद को ठगा हुआ बताते हुए रोती नजर आ रही है और अपने साथ हुए कथित अन्याय की बात कहती दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।