40 दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत

फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र में 4 दिसंबर को हुए सड़क हादसे में घायल एक 46 वर्षीय वृद्ध की करीब 40 दिन तक चले इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल का उपचार फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा था।
मृतक की पहचान मोहर सिंह पुत्र नौबत सिंह, निवासी नगला गंगाराम के रूप में हुई है। हादसा थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव सिकरारी के पास उस समय हुआ, जब मोहर सिंह काम करके साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। घायल को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हो सका और गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष पचोखरा अमित तोमर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। वह टूंडला स्थित एक आरा मशीन पर काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद से परिजनों में शोक का माहौल है।