हरदोई में चक मार्ग को लेकर विवाद, निजी भूमि पर रास्ता बनाने के विरोध में परिवार पर हमला, वीडियो वायरल

हरदोई। जनपद के अरवल थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में बुधवार को चक मार्ग निर्माण को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि निजी भूमि पर जबरन रास्ता बनाए जाने का विरोध करने पर एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित मनोहर लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने परिजनों सुभाष, रामनिवास, सोनू और अखिलेश के साथ अपनी निजी भूमि, गाटा संख्या 103 और 101, पर पहुंचे थे। वहां गांव के कुछ लोग जबरन चक मार्ग का निर्माण कर रहे थे। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और निर्माण रोकने को कहा, तो विपक्षी पक्ष के लाला सिंह, प्रमोद, राम खिलावन सहित करीब आठ से दस लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में मनोहर लाल समेत उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। अरवल थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि भूमि से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवादित स्थान पर चक मार्ग निर्माण वैध था या नहीं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।