हरदोई में बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या का खुलासा, घरेलू काम करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रूपये न देने पर घटना को दिया था अंजाम

हरदोई। थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र में 31 दिसंबर 2025 को हुई बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हत्या का कारण रुपये के लेनदेन को बताया जा रहा है।
लखनऊ पश्चिमी (कमिश्नरेट लखनऊ) के थाना रहीमाबाद क्षेत्र के ग्राम महदोईया निवासी अतुल सिंह पुत्र स्वर्गीय रनवीर सिंह ने 31 दिसंबर को थाना बेहटा गोकुल में तहरीर दी थी कि उनकी सौतेली माता सावित्री देवी की किसी अज्ञात व्यक्ति ने गले में तार कसकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना बेहटा गोकुल में मुकदमा संख्या 444/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र व सफल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरि व बेहटा गोकुल पुलिस के साथ स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम को जांच में लगाया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त संदीप सिंह उर्फ शैलू पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम बलेहरा थाना बेहटा गोकुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका सावित्री देवी के घर घरेलू कार्य करता था और दोनों एक ही परिवार से जुड़े थे। आरोपी ने सावित्री देवी से कुछ रुपये मांगे थे, लेकिन मना किए जाने पर वह नाराज हो गया। इसी रंजिश में उसने प्रेस के तार से सावित्री देवी का गला कसकर हत्या कर दी।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले के खुलासे से क्षेत्र में दहशत कम हुई है और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।