महाभारत के कर्ण' पंकज धीर का निधन, 68 साल की उम्र में कहा अलविदा

'महाभारत' में कर्ण बने पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे। 68 साल की उम्र में कैंसर से वो अपनी जिंदगी की जंग हार गए। 'महाभारत' के इस शानदार एक्टर के निधन से पूरी इंडस्ट्री में जैसे मातम पसर गया है। 15 अक्टूबर 2025को उन्होंने आखिरी सांस ली। पंकज धीर न केवल शानदार एक्टर थे बल्कि एक सुलझे हुए पति और पिता भी थे। आइए जानते हैं उनकी फैमिली में कौन-कौन हैं।

मशहूर फिल्म और टीवी एक्टर पंकज धीर का निधन हो गया है। उन्होंने 68 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। पंकज धीर ने बीआर चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' में कर्ण का किरदार निभाया था, और घर-घर मशहूर हो गए थे। वह काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे। पंकज धीर के बेटे निकितन धीर और बहू कृतिका सेंगर भी एक्टर हैं। पंकज धीर के अचानक निधन की खबर ने फैंस को भी तगड़ा झटका दिया है।

कैंसर से ठीक हो गए थे पंकज धीर, फिर लौटा तो बिगड़ी हालत

पंकज धीर के करीबी दोस्त और एक्टर अमित बहल ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि पंकज धीर को कैंसर था। वह इससे जंग जीत भी गए थे, पर कुछ महीने पहले कैंसर वापस लौट आया। पकंज धीर की सर्जरी भी हुई थी, पर कैंसर ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया और उनकी जान ले बैठा। बताया जा रहा है कि पंकज धीर पिछले काफी समय से ज्यादा बीमार चल रहे थे।

पंकज धीर का करियर, टीवी शोज और फिल्में

पंकज धीर के करियर की बात करें, तो उन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया था। जहां 'महाभारत' में उन्हें कर्ण के किरदार ने लोकप्रियता दी, वहीं 'चंद्रकांता' में उन्हें शिवदत्त के रोल में भी खूब पसंद किया गया था। वह 'बढ़ो बहू', 'युग', 'द ग्रेट मराठा' और 'अजूनी' जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे। इसके अलावा वह 'सोल्जर', 'तुमको ना भूल पाएंगे', 'रिश्ते', 'अंदाज', 'सड़क' और 'बादशाह' जैसी फिल्मों में नजर आए।

पंकज धीर के पिता भी थे मशहूर डायरेक्टर, बीवी कॉस्ट्यूम डिजाइनर

पंकज धीर एक्टर ही नहीं, बल्कि डायरेक्टर भी रहे। उनके पिता सीएल धीर भी मशहूर डायरेक्टर रहे। उन्होंने 'परवाना' और 'माई फादर गॉडफादर' जैसी फिल्में डायरेक्ट कीं। निजी जिंदगी की बात करें, तो पंकज ने अनीता धीर से शादी की थी। उनकी पत्नी अनीता कॉस्ट्यूम डिजाइनर हैं। उन्होंने 'विक्टोरिया नंबर 203', 'डायमंड्स आर फॉरेवर', 'इक्के पे इक्का' और 'बॉक्सर' जैसी फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइन किए।

15 अक्टूबर को साढ़े चार बजे अंतिम संस्कार

पंकज धीर CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी रहे और उन्होंने भी एक्टर के निधन पर दुख जताया है। पंकज धीर का अंतिम संस्कार 15 अक्टूबर की शाम 4.30 बजे विले पार्ले श्मशान घाट में किया जाएगाl