Chandauli News:महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए रेवसा में मिशन शक्ति फेस-5.0 का भव्य आयोजन,चकिया विधायक कैलाश खरवार और डीएम चंद्र मोहन गर्ग रहे मुख्य अतिथि

महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली।महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अलीनगर थाना क्षेत्र के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवसां में मिशन शक्ति फेस-5 के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, महिला कर्मी और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। मंच से उन्हें आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव और महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112 जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।वक्ताओं ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सशक्त भूमिका निभाने का प्रयास है।

इस दौरान मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश खरवार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और ऐसे कार्यक्रम उनकी ताकत को और बढ़ाते हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों बढ़े हैं। सरकार चाहती है कि हर महिला अपने अधिकारों को जाने और निडर होकर जीवन जी सके। वहीं सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने कहा कि सुरक्षा तभी संभव है जब महिलाएं सजग और जागरूक हों। इस तरह के आयोजन न केवल जानकारी देते हैं बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिला आरक्षियों सहित कुल 80 महिला कर्मियों और समाजसेविकाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कस्तूरबा सदर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के बच्चों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 10 बच्चों को लैपटॉप प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मंच से उतरते ही बच्चों ने कहा कि यह उपहार उनकी पढ़ाई को नई दिशा देगा और वे पढ़ाई में और मेहनत करेंगे।इस अवसर पर मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे, जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर पुलिस अधीक्षक सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।