हरदोई में मिशन शक्ति फेस-5 के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, पुलिस ने विभिन्न टोल फ्री नंबर बताए, आत्मरक्षा का लिया संकल्प

हरदोई। 25 सितंबर 2025 को मिशन शक्ति फेस-5 अभियान के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संडीला प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर पाल ने किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव, एंटी रोमियो टीम प्रभारी करुणेश पाठक सहित महिला कांस्टेबल प्रियंका, प्रतिमा दुबे, प्रीति अवस्थी, नेहा सिंह, शिवा व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन कश्यप तथा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी एवं महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही रैली निकालकर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिलेभर में मिशन शक्ति फेस-5 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में जाकर छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को जागरूक बनाना है ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद ले सकें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने कार्यक्रम से नई जानकारी प्राप्त कर आत्मरक्षा के लिए संकल्प भी लिया।