UP NEWS: मुजफ्फरनगर से अपहरण कर चंदौली निवासी डिप्टी टोल मैनेजर की हत्या, कर्मचारियों को शराब पीने से रोका था, मारपीट करने के बाद उठा ले गए थे आरोपी

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

Uttar Pradesh:मुजफ्फरनगर में टोल पर शराब पीने से रोकने पर टोलकर्मियों ने टोल मैनेजर और डिप्टी टोल मैनेजर के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी, डिप्टी टोल मैनेजर को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए और उनकी हत्या कर दी।

आरोपियों ने शव को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में भोला झाल में फेंक दिया। मेरठ पुलिस ने डिप्टी टोल मैनेजर के शव को शुक्रवार शाम झाड़ियों से बरामद कर लिया। पुलिस ने मुख्य दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मामला थाना छपार क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित टोल का है।

*आरोपियों को शराब पीने से मना किया था*
छपार टोल पर कुछ दिन पहले भौराकलां थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर रायसिंह निवासी शुभम और शिव मलिक को नौकरी मिली थी। गुरुवार देर रात दोनों टोल पर बैठकर शराब पी रहे थे। चंदौली के फुलपुर निवासी डिप्टी टोल मैनेजर अरविंद पांडेय और राजस्थान के रहने वाले टोल मैनेजर मुकेश चौहान ने शराब पीने से दोनों को मना किया।

*सोते समय डिप्टी मैनेजर और मैनेजर पर किया हमला*
दोनों से पुलिस वैरिफिकेशन के कागजात मांगे थे। दोनों टोलकर्मियों ने टोल मैनेजर और डिप्टी मैनेजर के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद मामला शांत हो गया। रात लगभग दो बजे दोनों टोलकर्मी अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर टोल पर पहुंचे। टोल के गेस्ट हाऊस में सो रहे टोल मैनेजर मुकेश और डिप्टी मैनेजर अरविंद पर हमला कर दिया।

*मारपीट करने के बाद आरोपी डिप्टी मैनेजर को उठाकर ले गए*
दोनों से मारपीट करने के बाद डिप्टी टोल मैनेजर अरविंद को आरोपी अपनी गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने डिप्टी टोल मैनेजर की हत्या करने के बाद शव को मेरठ जनपद के थाना क्षेत्र जानी में भोला झाल के पास फेंक दिया। शुक्रवार को पुलिस ने डिप्टी टोल मैनेजर के शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।