कांग्रेस ने वोटर सूची में अनियमितताओं के खिलाफ शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

कासगंज। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आव्हान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजयराय लल्लू के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में वोट चोरी रोकने हेतु एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और ब्लाक अध्यक्षों को सौंपी गई है।

जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि भारत के नागरिक मतदाता सूची में हेरफेर और मताधिकार से वंचित करने की प्रथा को समाप्त करने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा, "हमारा लोकतंत्र मतदाता की शक्ति पर टिका है, आज यह नींव खतरे में है। अलग-अलग विधानसभाओं की मतदाता सूचियों में लाखों प्रविष्टियां अधूरी हैं, जिनमें सही तस्वीर नहीं है। कई प्रविष्टियां डुप्लीकेट हैं और लाखों नाम सूचियों से गायब हैं। विभिन्न समुदायों को चुन-चुन कर निशाना बनाया जा रहा है और धोखाधड़ी की प्रथाओं का इस्तेमाल असली मतदाताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है।"

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेन्द्रपाल सिंह राजपूत ने कहा कि यह वोट चोरी कुछ और नहीं बल्कि लोगों की आवाज की चोरी है। उन्होंने कहा, "हम मानते हैं कि हर योग्य मतदाता का नाम सूची में होना चाहिए।" उन्होंने आम जनता से इस राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने और चुनाव आयोग से पारदर्शिता, जवाबदेही और तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने की मांग करने की अपील की।

इस कार्यक्रम में सत्यप्रकाश गुप्ता, राजकपूर वाल्मीकि, नूर मुहम्मद नूरी सहित अन्य कांग्रेसजनों ने अपने-अपने सुझाव रखे। तदुपरांत जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने बाजार में जाकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर अमित यादव एडवोकेट, प्रतिभा सिंह, अर्चिका मिश्रा, मीनाक्षी गौड़, ऊषापाल, आशीष गांधी, अमित कुमार, मुहम्मद दानिश, अभिषेक दुवे, विक्रम वाल्मीकि, दीपू पाण्डेय, रजनेश शर्मा, हरिहर प्रताप, डॉ. देशबंधु बघेल, गुलफान सिंह यादव, अखिलेश पाल आदि लोग उपस्थित रहे।