विकास खंड बैतालपुर में 5200 पशुओं को लगा लम्पी का टीका

देवरिया। जनपद में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण अभियान में लम्पी रोग से बचाव हेतु लगातार टीकाकरण किया जा रहा है एवं बीमार पशुओं का उपचार भी हो रहा। शनिवार को बैतालपुर नगर पंचायत अंतर्गत विभिन्न वार्डों में अन्य जनपद से आए डॉ अवधेश कुमार यादव के नेतृत्व में अभियान चलाकर 200 पशुओं का टीकाकरण एवं 6 पशुओं का उपचार किया गया। पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने लाउडस्पीकर के माध्यम से सभी पशुपालकों को जागरूक किया कि लम्पी बीमारी से बचाव हेतु मच्छर, मक्खी व किलनी आदि से बचाव का समुचित उपाय जरूरी है। विकास खंड बैतालपुर अन्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अबतक 5200 पशुओं को लम्पी का टीका लगाया जा चुका है अवशेष लगभग 2 हजार गोवंशीय पशुओं को टीका शीघ्र लगाया जाएगा। अभियान में 50 पशुओं का उपचार किया गया जिसमें 30 पशु स्वस्थ हो गये हैं। अभियान में पशुधन प्रसार अधिकारी राम प्रसाद चौधरी, सुभाष चन्द्र व महेंद्र यादव के साथ पैरावेट्स रजनीश यादव, पंकज मणि त्रिपाठी, अभिषेक मणि त्रिपाठी, धर्मेन्द्र यादव, सुनील कुमार एवं आयुष कुमार श्रीवास्तव ने सहयोग किया।