हरदोई में करंट से ससुर और बहू की मौत, गांव में शोक की लहर, घरेलू कामकाज करते वक्त हुआ हादसा

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलवा अखबेलपुर में शनिवार सुबह करंट लगने से हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डूबो दिया। गांव के निवासी महेंद्र सिंह पुत्र परमेश्वर बक्स सिंह और उनकी बहू मोनी सिंह पत्नी मोनू सिंह की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अचानक घटी इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय महेंद्र सिंह और मोनी सिंह घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। इस दौरान वह अचानक विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गए। करंट लगते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। हर किसी की आंखों में आंसू थे और वातावरण गमगीन हो गया।
सूचना पाकर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लोनार कोतवाल अजय कुमार गौतम का कहना है कि हादसे के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से न केवल मृतक परिवार बल्कि पूरा गांव गहरे सदमे में है। ग्रामीण दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना कर रहे हैं।