हरदोई में सचिन रावत का भाजपा पर हमला, बोले- अपराध प्रदेश बना यूपी, अराजकता चरम पर

हरदोई। प्रांतीय आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सचिन रावत ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने की जबकि संचालन शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने किया।
प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि सचिन रावत ने कहा कि योगी सरकार के आठ सालों में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन चुका है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं और दलितों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध यूपी में हो रहे हैं। महिलाओं के प्रति देशभर में दर्ज अपराधों का 15 प्रतिशत हिस्सा अकेले यूपी का है। उन्होंने कहा कि हरदोई की सड़कें जर्जर हैं और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का गृह जनपद होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। यहां रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों को जांच के लिए सीतापुर जाना पड़ता है।
जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि प्रदेश का शायद ही कोई जिला होगा जहां रोजाना जघन्य अपराध न हो रहे हों। भाजपा राज में पुराने सामाजिक अपराध फिर से पनप रहे हैं। दलितों को बारात में घोड़ी पर चढ़ने से रोका जा रहा है और शाहाबाद में भाजपा नेता की लाश मिलना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है और मुख्यमंत्री जाति-धर्म देखकर कार्रवाई करते हैं। ब्राह्मण नेताओं की राजनीतिक हत्याएं हो रही हैं।
जिला महामंत्री/प्रवक्ता अमलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि जब प्रदेश संभल नहीं रहा तो मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। एनसीआरबी के आंकड़े यूपी सरकार की बदहाली उजागर कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष अजीत विशाल, मोहन सिंह, आफताब हैदर, NSUI अध्यक्ष हसन अहमद, जिला सचिव महताब अहमद, राहुल सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।