हरदोई में राजीव गांधी जयंती पर कार्यक्रम, कांग्रेस ने किया माल्यार्पण व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, जिलाध्यक्ष बोले- डिजिटल भारत के स्वप्नदृष्टा थे पूर्व प्रधानमंत्री

हरदोई। भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर 20 अगस्त 2025 को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि सभा की गई। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे के नेतृत्व में कचहरी परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित के नेतृत्व में पिहानी रोड स्थित उतरा हाउस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर भोला सिंह चिकित्सा संस्थान द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां फिजिशियन और डेंटल जांच के साथ लोगों के शुगर व बीपी की निःशुल्क जांच कर दवाएं वितरित की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रम पांडे ने कहा कि राजीव गांधी डिजिटल भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लागू कर गांवों को असली ताकत दी। हर साल 20 अगस्त को उनकी जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई जाती है और हम सब अच्छे स्वास्थ्य व साफ जीवन का प्रण लेते हैं। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि राजीव गांधी ने शिक्षा के आधुनिकीकरण के लिए 1986 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनाई और जवाहर नवोदय विद्यालय प्रणाली शुरू की, जो आज देश की शान है।

पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि 1986 में एमटीएनएल की शुरुआत और ग्रामीण क्षेत्रों तक पीसीओ पहुंचाने का श्रेय राजीव गांधी को जाता है, जिन्हें डिजिटल क्रांति का जनक कहा जाता है।

इस अवसर पर पीसीसी सदस्य, जिला महामंत्री अमलेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहन सिंह, राजेंद्र वर्मा, पी.पी. वर्मा, अजीत विशाल, आशुतोष गुप्ता, NSUI अध्यक्ष हसन अहमद, लीगल सेल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडे, नीरज मिश्रा, उमा राजवंशी, सर्वेश कुशवाहा, शिल्पी वर्मा, विनोद यादव, अनूप दीक्षित, मोरध्वज वर्मा, एजाज अहमद उर्फ बब्बन, राजन सक्सेना, रामनाथ कुशवाहा, अश्वनी कुशवाहा, विदुर त्रिवेदी, शशिकांत तिवारी, ममता पाल, शैलेंद्र सिंह, वृंदावन बिहारी, धीरज तिवारी, मोहित कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।