हरदोई में गैस सिलेंडर चोरी कांड, कांग्रेस नेता के सीज गोदाम से सैकड़ों सिलेंडर गायब, प्रशासनिक लापरवाही या साजिश चर्चा में

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुभाष पाल की कुर्क की गई भारत गैस एजेंसी, फतियापुर से सैकड़ों गैस सिलेंडर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि यह गोदाम कोर्ट के आदेश पर सीज था और प्रशासन की निगरानी में था।

गौरतलब है कि वाद संख्या D202110330001956 (सरकार बनाम सुभाष पाल) में 7 जून 2021 को जिलाधिकारी हरदोई के आदेश पर उक्त गैस एजेंसी और अन्य संपत्तियों को धारा 14(1) के तहत कुर्क किया गया था। एसडीएम सदर को इस संपत्ति का रिसीवर नियुक्त किया गया था, जबकि कुर्की की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को दी गई थी।

अब कांग्रेस नेता सुभाष पाल के रिश्तेदार सुधीर पाल ने दावा किया है कि गोदाम से 500 से 600 गैस सिलेंडर चोरी हो चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें गोदाम के भीतर जाने नहीं दिया गया, जिससे स्थिति और भी संदिग्ध हो गई।

26 जुलाई 2025 को नायब तहसीलदार सुरसा की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम सदर ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए। थाना सुरसा में धारा 305E बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

यह घटना न केवल एक गंभीर प्रशासनिक चूक को उजागर करती है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि क्या इस बड़ी चोरी में अंदरूनी मिलीभगत शामिल है। प्रशासन की निगरानी में हुई इस घटना ने पूरे जिले को हिला दिया है।