प्रधानाचार्य ने गोद ली क्षय रोगी छात्रा की इंटरमीडिएट की पढ़ाई का उठाया पूरा खर्च

कुशीनगर छितौनी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आकाश कुमार सिंह ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए चार माह पहले गोद ली गई क्षय रोगी छात्रा की इंटरमीडिएट (11वीं और 12वीं) की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का भरोसा दिया है। यह घोषणा उन्होंने अपने पुत्र आयुष्मान के पहले जन्मदिन के अवसर पर सादगीपूर्ण तरीके से की।प्रधानाचार्य आकाश कुमार सिंह ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आह्वान पर चार महीने पहले एक क्षय रोगी छात्रा को छह माह के लिए गोद लिया था। अपने पुत्र के प्रथम जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए, उन्होंने छात्रा के भविष्य को संवारने का निर्णय लिया। इसके तहत, उन्होंने इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष की प्रवेश और पंजीकरण फीस का भुगतान करने के साथ-साथ चार महीने की फीस भी जमा की। इतना ही नहीं, उन्होंने छात्रा को आवश्यक पुस्तकें भी उपलब्ध कराईं।इस सराहनीय कदम की स्थानीय लोगों ने खूब प्रशंसा की है। उन्होंने इसे समाज में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। पूर्व प्रधानाचार्य सुशील कुमार, आदर्श तिवारी, शिवेंद्र प्रकाश, पीएचसी छितौनी के फार्मासिस्ट शैलेंद्र तिवारी, अध्यापक विजय कुशवाहा, दिनेश जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानाचार्य सिंह के इस कार्य की सराहना की है।