हरदोई में जल निगम के स्टोर में भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने चार घंटे में पाया काबू, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम रोड स्थित जल निगम ग्रामीण के अधीन एनसीसी लिमिटेड के स्टोर में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल विभाग को छह फायर टेंडर मौके पर बुलाने पड़े। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 3:30 बजे बिलग्राम रोड स्थित एनसीसी के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सदर से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया और अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। आग तेजी से फैलती देख सदर से दो, संडीला से दो और बिलग्राम से एक अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि गोदाम में आग तेजी से फैल रही थी और वहां तेल के ड्रम भी रखे हुए थे। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने पहले पानी की बौछार कर शेड को चारों तरफ से ठंडा किया, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके। इसके बाद छह फायर टेंडरों की मदद से लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया गया।
सीएफओ ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन सर्वेयर की रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान की जांच की जा रही है।