एटा/जलेसर: बाकलपुर में जल जीवन मिशन बना मुसीबत, सड़क पर जल भराव से आएदिन राहगीर हो रहे चोटिल।

*एटा/जलेसर: बाकलपुर में जल जीवन मिशन बना मुसीबत, सड़क पर जलभराव से आए दिन राहगीर हो रहे चोटिल।*

जलभराव के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे, पानी में छिपे गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे ग्रामीण; ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई समस्या के समाधान की गुहार।

जलेसर/एटा। जनपद एटा की जलेसर तहसील क्षेत्र के गांव बाकलपुर में जल जीवन मिशन के तहत की जा रही जलापूर्ति ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। गांव में सड़क किनारे पाइपलाइन में लीकेज होने के चलते लगातार पानी बह रहा है, जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, इसौली गांव में स्थापित पानी की टंकी से आसपास के गांवों में जलापूर्ति की जाती है। इसी पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण बाकलपुर गांव की सड़क पर पानी जमा हो रहा है। लगातार जलभराव के चलते सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। पानी भरा होने के कारण राहगीरों को गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन सवार और अन्य राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलभराव के कारण आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना का लाभ तो मिलना चाहिए, लेकिन पाइपलाइन में लीकेज और जलभराव के कारण अब यही समस्या का कारण बन रहा है।

इस संबंध में रामपाल सिंह, भंवर पाल सिंह, रमेश पाल सिंह, उदयवीर सिंह, राजेंद्र पाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एटा से मामले का संज्ञान लेकर पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा सड़क पर भरे पानी और गड्ढों की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

*रिपोर्ट: रमेश जादौन, जलेसर (एटा)।*