हरदोई में सपा नेता रामज्ञान गुप्ता पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई, 50 हजार का मुचलका भरने का आदेश, कार्रवाई को बताया राजनीतिक दबाव का नतीजा

हरदोई। शहर के शिवनाथ नगर निवासी समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर अपर जिलाधिकारी न्यायालय ने उनके आपराधिक इतिहास और विभिन्न मामलों को संज्ञान में लेते हुए नोटिस जारी किया है। उन्हें 23 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस रिपोर्ट में रामज्ञान गुप्ता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और आईटी एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मुकदमों का उल्लेख किया गया है। न्यायालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 50 हजार रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि की जमानत प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुपालन के लिए स्थानीय पुलिस को भी निर्देशित किया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने की स्थिति में न्यायालय उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, जिला बदर किए जाने का अंतिम आदेश पारित होने की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, रामज्ञान गुप्ता ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया। उनका कहना है कि वह जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं और कानून तथा संविधान में विश्वास रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी आवाज दबाने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
सपा नेता ने कहा कि वह नोटिस और बंधपत्र संबंधी आदेश के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाएंगे तथा उच्च न्यायालय में चुनौती देकर अपना पक्ष रखेंगे। मामले में प्रशासन और पुलिस का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।