हरदोई में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव, सुबह 10 बजे तक शिक्षक सीट पर 9.90% और स्नातक सीट पर 4.77% मतदान, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, शाम चार बजे तक होगा मतदान

हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। हरदोई में जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने टोडरपुर ब्लॉक, तहसील शाहाबाद स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे तक लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 9.90 प्रतिशत और लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 4.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। शुरुआती घंटों में मतदान प्रतिशत कम रहने के बावजूद दिन में इसमें बढ़ोतरी की उम्मीद है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में मामूली लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर किसी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। पहचान सुनिश्चित होने पर उसे वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।
मतदान संबंधी समस्या के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 05852-234407 पर संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सक्रिय रहेगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र के निजी और अर्धशासकीय संस्थानों में कार्यरत पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए सवेतन अवकाश दिया जाना चाहिए। प्रदेश के 11 निर्वाचन क्षेत्रों में 152 प्रत्याशी मैदान में हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा और निगरानी की व्यापक व्यवस्था की गई है।