हरदोई में फंदे से लटके मिले देवर-भाभी के शव, देवर अविवाहित था, भाभी की 12 वर्ष पहले हुई थी शादी

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हबीबनगर गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही कमरे में देवर और भाभी के शव फंदे से लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर दोनों शवों को नीचे उतरवाया। घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सीमा पत्नी देशराज और 22 वर्षीय रामरूप पुत्र राजाराम के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे और एक ही घर में रहते थे। रामरूप अविवाहित था। बताया गया कि सीमा के पति देशराज अयोध्या में ठेकेदारी करते हैं। परिवार में सीमा के तीन बेटे आयुष, दिव्यांश और लक्ष्य हैं। वहीं रामरूप तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
बताया गया कि सीमा के बेटे ने कमरे में दोनों के शव फंदे से लटके देखे, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई। सूचना पर बिलग्राम कोतवाल विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।