हरदोई में शराब ठेके पर नकली नोट चलाने पहुंचे दो युवक पकड़े गए, सेल्समैन ने नोट जांचकर दोनों को दबोचा, पुलिस को सौंपा

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मौलागंज बस स्टैंड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचे दो युवकों को सेल्समैन ने पकड़ लिया। दोनों को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। युवकों के पास से एक ही सीरीज के दो 200 रुपये और एक 100 रुपये के नोट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
बताया गया कि शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा गंजहा निवासी आमिर पुत्र शब्बन और महुआ टोला निवासी सुमित पुत्र रामकुमार शराब खरीदने के लिए ठेके पर पहुंचे थे। दोनों ने सेल्समैन को 200 रुपये के दो और 100 रुपये का एक नोट दिया। पहले से नकली नोटों को लेकर सतर्क सेल्समैन ने नोटों की जांच की तो उन्हें संदिग्ध पाया।
नोटों के एक ही सीरीज के होने पर सेल्समैन को शक हुआ। उसने दोनों युवकों को रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
पुलिस की पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्हें ये नोट मोहल्ला दिलेरगंज निवासी मुकेश नाम के एक युवक ने दिए थे। हालांकि, नोट कहां से आए और उन्हें बाजार में चलाने के पीछे किसकी भूमिका है, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने बरामद नोटों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही युवकों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।