हरदोई में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, सिर धड़ से अलग किया, पति हिरासत में, अवैध संबंधों के शक में वारदात

हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में बुधवार देर रात पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक को लेकर दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, वेटगंज मोहल्ला निवासी परवेज अपनी पत्नी नगमा के साथ करीब डेढ़ महीने से टिलिया मोहल्ले में महताब के मकान में किराए पर रह रहा था। बुधवार रात नगमा घर में सो रही थी। इसी दौरान परवेज ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि परवेज को नगमा पर किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने और अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पारिवारिक बंटवारे के बाद परवेज ने अपना मकान बेच दिया था, जिसके बाद दोनों किराए के मकान में रहने लगे थे। दोनों की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।