हरदोई में मिशन शक्ति फेज-6.0 का आगाज, रैली से दिया नारी सुरक्षा का संदेश, महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए किया गया प्रेरित

हरदोई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 का पुलिस लाइन हरदोई में शुभारंभ किया गया। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, नारी सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया गया। छात्राओं एवं महिला पुलिसकर्मियों ने जागरूकता अभियान में भाग लेकर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए जागरूकता जरूरी है। महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे किसी भी समस्या का निडर होकर सामना कर सकें।
जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जाएगी।
हरदोई पुलिस ने लोगों से महिला सुरक्षा में सहयोग करने और उत्पीड़न की घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।