हरदोई में पीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने छह केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा कराने और परीक्षार्थियों को असुविधा न होने के दिए निर्देश

हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षा के प्रथम दिन पहली पाली के दौरान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जिले के छह परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और आरआर इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। डीएम ने केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति की गहनता से जांच की। साथ ही परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के समय पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।