हरदोई में पीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम ने की बैठक, परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, मूलभूत सुविधाओं और पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश

हरदोई। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राहुल पांडेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाए, जिससे परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कक्ष निरीक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
प्रशासन के अनुसार, पीईटी परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और परीक्षा के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए।