हरदोई में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम, बूथों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग कर संवेदनशील कारकों को चिह्नित करने को कहा, निष्पक्ष मतदान के लिए निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश

हरदोई। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रसखान प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में जोनल और सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो पालियों में हुए प्रशिक्षण में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के जोनल, सेक्टर अधिकारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
प्रथम पाली में सवायजपुर, शाहाबाद, हरदोई, गोपामऊ तथा द्वितीय पाली में सांडी, बिलग्राम-मल्लावां, बालामऊ और संडीला विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य समय से पूरा करें। इसके लिए पिछले चुनावों में हुई घटनाओं, थानावार आपराधिक इतिहास और अन्य संबंधित कारकों का गहन विश्लेषण किया जाए। मतदान को प्रभावित करने वाले तत्वों की पहचान कर निष्पक्ष एवं पक्षपात रहित मतदान सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सभी बूथों पर पेयजल, बिजली, शौचालय सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही पोलिंग पार्टियों के आवागमन में बाधा बनने वाले खराब संपर्क मार्गों को चिह्नित कर उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की स्थिति का भी परीक्षण कर रिपोर्ट मांगी।
प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस जोनल और सेक्टर अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने पिछले पांच वर्षों के मतदान संबंधी अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित सूचनाएं जुटाने और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।