हरदोई में डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर तक दौड़ी अनियंत्रित कार, दो बच्चों समेत चार की दर्दनाक मौत, गंगा एक्सप्रेसवे पर नोएडा से प्रयागराज जाते वक्त हुआ हादसा

हरदोई। गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सांडी थाना क्षेत्र में भटौली माफी गांव के पास किलोमीटर संख्या 317 पर एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दोनों बच्चों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी सौरभ उपाध्याय नोएडा में नौकरी करते थे। बुधवार को भाई दूज के अवसर पर वह अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय और दो बच्चों शिवोम व व्योम के साथ कार से नोएडा से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे उनकी एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार करीब 30 मीटर तक डिवाइडर पर ही दौड़ती रही। इस दौरान कार का शीशा टूटने से एक बच्चा उछलकर एक्सप्रेस-वे से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में सौरभ और मेनका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सांडी, बिलग्राम और हरपालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।