हरदोई में घरेलू सहायिका से मारपीट का वीडियो वायरल, चोरी के आरोप में कुर्सी से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज़

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र की नेक्सरा कॉलोनी में घरेलू सहायिका के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं एक महिला को घेरकर डंडे, चप्पल और हाथों से मारती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है।
वायरल वीडियो में महिलाएं घरेलू सहायिका के साथ चोरी के आरोप को लेकर मारपीट करती नजर आ रही हैं। हद तो तब हो गई जब महिला को कुर्सी से बांधकर भी पीटा गया। इस दौरान महिलाएं उसके साथ गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं। मारपीट का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।
वीडियो में एक महिला को कई महिलाओं द्वारा घेरकर पीटे जाने के दृश्य सामने आने के बाद लोग घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पूरी परिस्थितियां पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले में क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वायरल वीडियो थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के शाहजहांपुर रोड स्थित नेक्सरा कॉलोनी का है। वीडियो में कुछ महिलाओं द्वारा अपनी घरेलू सहायिका के साथ घर के अंदर मारपीट की जा रही है।
सीओ ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। शिकायतकर्ता से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।