शराफत अली के बयान पर हरदोई में बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला, ASP को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग, शराफ़त अली बोले- प्रेमावती उनकी बहू हैं

हरदोई। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली के आपत्तिजनक बयान को लेकर हरदोई में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा को लेकर की गई जातिसूचक टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शराफत अली का पुतला फूंका और नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ?समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद?, ?शराफत अली मुर्दाबाद? और ?शराफ़त अली को जेल भेजो? के नारे लगाए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के अचानक एसपी कार्यालय पहुंचने से परिसर में काफी हलचल दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों ने अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा भी शराफत अली के बयान पर नाराजगी जता चुकी हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह मामले को लेकर पुलिस से शिकायत करेंगी और कार्रवाई की मांग करेंगी।
इधर, विवाद बढ़ने के बाद निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती उनकी बहू हैं और उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
शराफत अली ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा, जिससे किसी का अपमान हो। उनका कहना है कि पीडीए पंचायत के दौरान वह पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बातों का संदर्भ दे रहे थे। फिलहाल बयान को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं और मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।