हरदोई में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे अपना विवरण, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

हरदोई। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और जनगणना चार्ज अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 16 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना का पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके तहत नागरिक जनगणना पोर्टल पर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना कर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक आईडी नंबर प्राप्त होगा। नागरिकों को इस नंबर को सुरक्षित रखना होगा और 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य पूरा करेंगे।
सीडीओ ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और समाज के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण तथा बेहतर नीतिगत निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्व-गणना में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने जनगणना पोर्टल के उपयोग और ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया।