हरदोई के खेतुई बालाजी मंदिर में आक्रामक हाथी का हमला, महंत के बड़े भाई को सूंड से उठाकर पटका और पैरों से कुचला, दर्दनाक मौत से दहशत

हरदोई। खेतुई स्थित बालाजी मंदिर परिसर में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के हाथी ने महंत के बड़े भाई पर हमला कर दिया। हाथी ने राम सिंह उर्फ कल्लू (50) को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, राम सिंह उर्फ कल्लू पुत्र भगवान बक्स सिंह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मंदिर परिसर में हाथी के पास मौजूद थे। इसी दौरान अचानक हाथी आक्रामक हो गया और उन पर हमला कर दिया। इससे पहले कि राम सिंह संभल पाते, हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैरों से कुचलने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाथी के हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में राम सिंह को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मंदिर का यह हाथी पहले भी कई लोगों पर हमले कर चुका है। जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। ताजा घटना के बाद हाथी के नियंत्रण और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।