स्वगणना अभियान में हरदोई प्रथम स्थान पर, जिला प्रशासन के जागरूकता अभियान और लोगों की भागीदारी से मिली सफलता, डीएम ने शेष लोगों से स्वगणना करने की अपील की

हरदोई। स्वगणना अभियान में हरदोई जिले ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान में जिले के शानदार प्रदर्शन के पीछे जिला प्रशासन के प्रयासों और लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की अहम भूमिका रही है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने जनपदवासियों की सराहना करते हुए सभी का आभार जताया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान में जिले के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की है, जिसके चलते हरदोई प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रशासन और जनपदवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। साथ ही अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक अपनी स्वगणना नहीं की है, वे स्वगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं और परिवार के सभी सदस्यों का आवश्यक विवरण दर्ज करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। अधिक से अधिक लोगों के स्वगणना करने से अभियान को सफल बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आगामी सर्दी और घने कोहरे को देखते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। साथ ही यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।
डीएम ने कहा कि सड़क पर सावधानी बरतकर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।