सेवा ज्योति कलश यात्रा में गूंजा विकसित भारत-2047 का संकल्प, हरदोई में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता, सेवा, सुशासन और जनकल्याण का दिया गया संदेश

हरदोई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ?सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बाबू श्रीश चन्द्र अग्रवाल बरात घर में सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि कुंवर बासित अली के नेतृत्व में सेवा ज्योति कलश यात्रा बरात घर से शुरू होकर डीएम चौराहा, अटल चौक होते हुए शहीद उद्यान पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कुंवर बासित अली ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र विकास की यात्रा रहे हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
जिला प्रभारी कमलेश मिश्र ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पी.के. वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, अभियान संयोजक आकाश सिंह, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, प्रीतेश दीक्षित, आरिफ खान शानू और जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता का संकल्प लिया।