SIR के विरोध में सपा का प्रदर्शन, हरदोई में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, इस्तीफ़े की मांग

हरदोई। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए SIR में मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि खासकर अल्पसंख्यक समाज और समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। नेताओं ने बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में मतदाता सूची को लेकर हुई कथित गड़बड़ियों का भी हवाला दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी SIR और मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है, जिससे समाजवादी पार्टी के मतदाता प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल पद से इस्तीफा देने की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि पहले लड़ाई अंग्रेजों से थी, अब लड़ाई ?चोरों? से है। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर हर चौराहे पर पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता, युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनाम यादव, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता मिन्ना, जिला महासचिव अवनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव दीपू, जितेंद्र यादव, अनिल यादव, पंकज यादव, आकाश यादव, शुभम गुप्ता, विकास त्रिपाठी और विकास गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।