श्रीकृष्ण पर कथित अभद्र टिप्पणी से यदुवंशी समाज में उबाल, हरदोई में एसपी को सौंपा शिकायती पत्र

श्रीकृष्ण पर कथित अभद्र टिप्पणी से यदुवंशी समाज में उबाल, हरदोई में एसपी को सौंपा शिकायती पत्र

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और यूपी में सभी कार्यक्रम रद्द कराने की मांग, कार्रवाई न होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

#Hardoi 

.

भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर यदुवंशी समाज में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

महासभा ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी से न केवल यदुवंशी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंची है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही महासभा ने उत्तर प्रदेश में धीरेंद्र शास्त्री के प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को रद्द कराने की मांग भी रखी। संगठन के जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा चुप नहीं बैठेगी। संगठन पूरे देश में विभिन्न स्थानों पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

हरिनाम सिंह यादव ने कहा कि धार्मिक आस्था और भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान का विषय समाज के लिए अत्यंत संवेदनशील है। किसी भी व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता।

इस दौरान संगठन के प्रमुख महासचिव राजीव यादव, कपिल यादव, बादल यादव, अनूप यादव, पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।

अब निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। महासभा ने साफ कर दिया है कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर संगठन अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाला नहीं है।

सूचना विभाग हरदोई