शिक्षा अदालत के जरिए छात्रों और ग्रामीणों को रेल संरक्षा का पाठ, 500 हैंडबिल व पोस्टर बांटे

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से रेल संरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पीलीभीत-टनकपुर रेलखंड के चार प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ ?शिक्षा अदालत? आयोजित की गई। इसके साथ ही आठ समपार फाटकों पर ग्रामीणों और सड़क उपयोगकर्ताओं को भी रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक से जुड़ी विभिन्न सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि रेलवे ट्रैक को किसी भी अनधिकृत स्थान से पार न करें और केवल अधिकृत रेलवे फाटक से ही ट्रैक पार करें। ग्रामीणों और वाहन चालकों से रेलवे फाटक खोलने के लिए गेटमैन पर अनावश्यक दबाव न बनाने की अपील भी की गई।

रेलवे कर्मचारियों ने लोगों को ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेलवे लाइन के आसपास पशुओं को न चराने तथा रेलवे ट्रैक के आसपास पतंग न उड़ाने की सलाह दी। इसके अलावा ट्रैक पर सेल्फी लेने और रेलवे लाइन पार करते समय हेडफोन का इस्तेमाल करने से होने वाले खतरे के बारे में भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान करीब 500 हैंडबिल और पोस्टर वितरित किए गए। रेलवे का उद्देश्य सुरक्षा संबंधी संदेशों को विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों तक पहुंचाने के साथ रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में संरक्षा सलाहकार (इंजीनियरिंग) और संरक्षा सलाहकार (टीआरडी) सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की कि रेल लाइन और समपार फाटकों के आसपास हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करें और सावधानी को अपनी आदत बनाएं।