होंडा सिटी मे 52 किलो डोडा लेकर पंजाब जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

बरेली से डोडा खरीदकर पंजाब ले जा रहे दो तस्करों को भोजीपुरा पुलिस और एसओजी ने दबोच लिया। कार मे 52 किलो 400 ग्राम डोडा लेकर पटियाला जा रहे थे। हाईवे पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो नशे की पूरी खेप बरामद हो गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार भी कब्जे में ले ली। भोजीपुरा पुलिस और एसओजी की टीम गुरुवार-शुक्रवार की रात इलाके मे गश्त कर रही थी। बिल्वा पुल से सैदपुर चुन्नीलाल की ओर जाते समय हाईवे किनारे खड़े वाहनों को चेक किया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी से मिली सूचना पर पुलिस दीदारपट्टी यात्री शेड के पास पहुंची। यहां सफेद रंग की होंडा सिटी कार खड़ी मिली। पुलिस ने कार को चेक किया तो उसमें दो युवक बैठे थे। पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें डोडा भरा था। पुलिस ने कार समेत दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। डोडा का वजन कराया गया, तो 52 किलो 400 ग्राम निकला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली। दोनों आरोपियों से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो उन्होंने नशे के खेल का पूरा धंधा समझाया। उनकी पहचान पंजाब के पटियाला निवासी मंगतदीन और परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह के रूप में हुई। डोडा की भारी भरकम खेप के साथ गिरफ्तार मंगतदीन और परमजीत ने पूछताछ मे पुलिस को बतायाकि उन्होंने सोनू नाम के एक व्यक्ति से डोडा खरीदा था। खरीद प्रक्रिया भी हाईवे पर ही हुई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एफआईआर में सोनू का नाम भी दर्ज करके उसे आरोपी बनाया है। डोडा के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी मंगतदीन और परमजीत पर पहले से मादक पदार्थ की तस्करी के मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, सोनू की तलाश जारी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी है।।