विश्व रेबीज दिवस पर पशुपालकों को दी गई सलाह

बैतालपुर, देवरिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को पशु चिकित्सालय बैतालपुर की टीम द्वारा ग्राम पंचायत धतुरा खास के उसरहवां टोला में पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का नेतृत्व पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने किया। शिविर में पशुओं का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीकाकरण कार्य में सुभाष चंद्र, महेंद्र यादव, चेतन मणि, दुष्यंत तिवारी एवं राजकुमार यादव ने सहयोग किया।इस दौरान पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने पशुपालकों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया और रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी।उन्होंने पशुपालकों को सलाह देते हुए कहा कि अपने पालतू कुत्तों और बिल्लियों को 3 महीने की उम्र पूरी होने पर पहला एंटी-रेबीज टीका अवश्य लगवाएं और उसके बाद पशु चिकित्सक की सलाह से हर साल नियमित रूप से बूस्टर डोज लगवाते रहें।यदि किसी पशु या अन्य जानवर द्वारा काट लिया जाए या खरोंच आ जाए तो घबराएं नहीं। घाव को तुरंत साफ पानी और साबुन से कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोएं।पशु के काटने या खरोंचने पर बिना देरी किए नजदीकी चिकित्सक की सलाह के अनुसार पूरा एंटी-रेबीज टीकाकरण करावें।पालतू जानवरों को आवारा या अनजान पशुओं के संपर्क में न आने दें। बच्चों को भी अनजान और आवारा पशुओं से दूर रहने के लिए जागरूक करें।यदि पालतू पशुओं के व्यवहार में अचानक बदलाव, जैसे अत्यधिक आक्रामक होना, असामान्य रूप से लार टपकना या सुस्त रहना दिखाई दे, तो तुरंत पशु चिकित्सक को दिखाएं।