स्वच्छता से ही बनेगा स्वस्थ और सुंदर भारत - सभा कुंवर कुशवाहा


सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को स्वच्छता और पोषण के प्रति किया गया जागरूक


देवरिया, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता, पोषण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाटपाररानी के विधायक सभा कुंवर कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छता केवल धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि घर, आसपास की नालियों और पूरे वातावरण को स्वच्छ रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जिस तरह लोग मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च की साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी तरह अपने आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा रखने के लिए भी आगे आना चाहिए।