लोहरा में सजा कबड्डी का मैदान, अरुण राजभर ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

अतरौलिया (आजमगढ़)। अतरौलिया क्षेत्र के लोहरा गांव में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने किया। इस दौरान आयोजन समिति और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रतियोगिता में हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न जिलों और प्रदेशों से खिलाड़ी व टीमें पहुंचीं। खिलाड़ियों के पहुंचने से लोहरा गांव में खेल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस मौके पर अरुण राजभर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ऐसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की।
प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
लोहरा गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।