लुधियाना स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान 150 से अधिक यात्रियों को दी जानकारी, मौके पर मोबाइल में ऐप भी कराया गया स्थापित

फिरोजपुर। रेल यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के प्रति जागरूक करने और रेलवे की सुविधाओं को और अधिक सरल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को ऐप के माध्यम से आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने सहित विभिन्न रेल सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान चिप्स और बिस्किट के पैकेटों पर 100 रेलवन स्टिकर तथा 50 यात्रा टिकटों पर रेलवन स्टिकर लगाए गए। इसके साथ ही 150 से अधिक यात्रियों को रेलवन ऐप की सुविधाओं और उपयोग की जानकारी देकर डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कई यात्रियों के मोबाइल फोन में मौके पर ही रेलवन ऐप स्थापित कराया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को सरल, सुगम और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है। रेलवन ऐप इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत की छूट का लाभ मिलता है। इसके अलावा छुट्टे पैसे रखने की परेशानी से मुक्ति, टिकट काउंटरों पर लगने वाली कतारों से राहत और पर्यावरण संरक्षण जैसे फायदे भी यात्रियों को मिलते हैं।

रेलवे के इस जागरूकता अभियान के माध्यम से यात्रियों को तकनीक आधारित सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ समय की बचत और कागजरहित टिकटिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।