लुधियाना पार्सल कार्यालय में अब 24 घंटे होगी बुकिंग, व्यापारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

फिरोजपुर। रेलवे ने होजरी और टेक्सटाइल कारोबारियों की बढ़ती मांग को देखते हुए लुधियाना पार्सल कार्यालय में 24 घंटे पार्सल बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। फिरोजपुर मंडल की यह सुविधा 1 सितंबर से 31 दिसंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

लुधियाना देश के प्रमुख होजरी और टेक्सटाइल व्यापारिक केंद्रों में शामिल है। होजरी सीजन के दौरान यहां से कपड़े, होजरी उत्पाद और अन्य व्यापारिक सामान देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाते हैं। कारोबार बढ़ने के साथ पार्सल बुकिंग की मांग भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने यह सुविधा शुरू की है।

अब व्यापारी और ग्राहक किसी भी समय रेलवे के अधिकृत काउंटर से अपने पार्सल की बुकिंग करा सकेंगे। 24 घंटे सुविधा मिलने से कारोबारियों को सामान भेजने के लिए अधिक समय और सुविधा मिलेगी, साथ ही रेलवे के माध्यम से माल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और व्यापारियों से अपील की है कि पार्सल बुकिंग के लिए किसी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट का सहारा न लें और केवल रेलवे की अधिकृत पार्सल बुकिंग सुविधा का ही इस्तेमाल करें।