लुधियाना से रायपुर तक पहली बार रेल मार्ग से भेजी गई होजरी सामग्री

लुधियाना से रायपुर तक पहली बार रेल मार्ग से भेजी गई होजरी सामग्री

24 टन माल की ढुलाई से रेलवे को 1.67 लाख रुपये का राजस्व

फिरोजपुर। रेलवे के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए फिरोजपुर मंडल लगातार नए प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में 19 अक्टूबर 2026 को लुधियाना से रायपुर तक पहली बार रेल मार्ग से होजरी सामग्री की ढुलाई की गई। इस पहल से रेलवे को 1.67 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से यह लोडिंग ट्रेन संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के पार्सल वैन में की गई। इसके तहत होजरी सामग्री के 230 पैकेट लोड किए गए, जिनका कुल वजन 24 टन था। इस ढुलाई से रेलवे को 1.67 लाख रुपये का राजस्व मिला।

इससे पहले 17 अक्टूबर 2026 को अमरनाथ एक्सप्रेस के पार्सल वैन में लुधियाना से गुवाहाटी के लिए दूसरी बार होजरी सामग्री की ढुलाई की गई थी। इस खेप से रेलवे को 1.94 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। रेलवे का उद्देश्य माल यातायात को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवाओं का विस्तार करना है। लुधियाना से रायपुर तक हुई यह पहली ढुलाई रेलवे के माध्यम से व्यापारिक माल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।