फिरोजपुर मंडल में राजभाषा पुरस्कार समारोह, 40 प्रतियोगिता विजेताओं सहित 51 रेलकर्मी सम्मानित

फिरोजपुर। रेलवे अधिकारी क्लब, फिरोजपुर में 16 अक्टूबर को राजभाषा पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम ?अभिव्यक्ति? भी प्रस्तुत किया गया।

राजभाषा पखवाड़ा-2026 के दौरान मंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों में कंप्यूटरों पर हिंदी टूल्स और फॉन्ट्स की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही कार्मिक शाखा की कार्यशाला, हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, काव्य-पाठ, प्रश्नोत्तरी और वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों में रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी के प्रति अपनी रुचि और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के 40 विजेताओं को पुरस्कृत किया। इसके अतिरिक्त राजभाषा प्रोत्साहन योजना 2025-26 के तहत 1 अधिकारी और 10 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 51 प्रतिभागियों को सम्मान मिला।

राजभाषा पखवाड़े के विभिन्न कार्यक्रम अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के कुशल नेतृत्व में आयोजित किए गए। समारोह का संचालन राजभाषा अधिकारी मस्तराम मीना की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से रेलवे में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों को राजभाषा के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।